आर्यन का केस लड़ेंगे मशहूर वकील सतीश मानशिंदे, इन टॉप बॉलीवुड स्टार्स के रह चुके वकील

अपराध मनोरंजन मुख्य समाचार मुंबई
Spread the love

मुंबई। शाहरुख खान ने अपने बेटे आर्यन खान की ड्रग्स मामले में गिरफ्तारी के बाद उनके केस की पैरवी करने के लिए एक मशहूर वकील सतीश मानशिंदे को चुना है। जो नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान पर लगाए गए आरोपों के खिलाफ अदालत में उनका बचाव करेंगे।

आर्यन खान और अन्य दो लोगों को कोर्ट ने 7 अक्टूबर तक एनसीबी की कस्टडी में रहने का फैसला सुनाया है। 56 साल के वरिष्ठ वकील सतीश मानशिंदे हाई प्रोफाइल मामलों के लिए जाने जाते हैं। वो अब तक कई टॉप बॉलीवुड स्टार्स और उनकी फैमिली मेंबर्स के केस लड़ चुके हैं। मानशिंदे ने साल 1983 में प्रसिद्ध अधिवक्ता दिवंगत राम जेठमलानी के नेतृत्व में एक वकील के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने लगभग 10 वर्षों तक उनके साथ काम किया।

रिया चक्रवर्ती के वकील सतीश

एक दूसरे ड्रग्स मामले में सतीश मानशिंदे एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक का केस भी लड़ रहे हैं, जिन्हें एनसीबी ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद गिरफ्तार किया था। इसके अलावा वो पालघर लिंचिंग मामले में स्पेशल पब्लिक प्रोसेक्यूटर भी हैं।

संजय दत्त को मिली थी जमानत

वह 1993 में हुए धमाकों के मामले में बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त को जमानत दिलवाने में कामयाब हुए थे। जबकि वो उस समय बहुत गंभीर आरोपों में फंसे हुए थे।

लड़ चुके हैं सलमान खान का भी केस

साल 2002 के शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में सुपरस्टार सलमान खान को जमानत मिलने के बाद मानशिंदे को हाई-प्रोफाइल वकील के तौर पर काफी पॉपुलैरिटी मिली। बाद में सलमान खान को अदालत ने बरी कर दिया।