आइसोलेशन वार्ड से फरार हुई हेरोइन के साथ पकड़ी गई कोरोना पॉजिटिव महिला, जानिए आगे…

Uncategorized
Spread the love

पलामू। पलामू जिला मुख्यालय स्थित मेदिनीनगर में प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन के साथ पकड़े जाने के बाद कोरोना पॉजिटिव हुई महिला गुरुवार को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से फरार हो गई।

पॉजिटिव होने पर महिला को यहां भर्ती कराया गया था। सुबह इलाज के दौरान महिला वार्ड के पीछे वाले हिस्से से कूदकर फरार हो गई। महिला और कोरोना पॉजिटिव होने की वजह से किसी ने उसे पकड़ने की कोशिश भी नहीं की। कुछ देर बाद महिला बाजार क्षेत्र से पकड़ ली गई। उसे फिर से आइसोलेशन वार्ड में दाखिल कराया जाएगा।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि फरार होने के बाद वह किन-किन लोगों के संपर्क में आयी। मेदिनीनगर के सदर एसडीपीओ के. विजय शंकर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में छानबीन शुरू कर दी गई है। उन्होंने माना कि अगर महिला वार्ड से फरार हो गई है, तो इसमें पुलिस और अस्पतालकर्मियों की लापरवाही है। जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। बताते चलें कि मेदिनीनगर के जेलहाता इलाके से सोमवार को कार्रवाई कर 13 ग्राम हेरोइन के साथ दो सप्लायर, एक नशेबाज और एक महिला विक्रेता को गिरफ्तार किया गया था।

गिरफ्तार हुए लोगों में खरीदार (नशेबाज) जेलहाता के गौंदा उरांव के पुत्र राजा उर्फ राजू (27 वर्ष), सप्लायर गढ़वा के सोनपुरवा-निमियां निवासी राकेश कुमार गौड़ और टंडवा देवीधाम, गढ़वा के बजरंगी कुमार गुप्ता और खुदरा विक्रेता सदर थाना क्षेत्र के जमुने निवासी प्रमोद साव की पत्नी अजंती देवी (28 वर्ष) शामिल थीं।

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने से पहले उनकी कोरोना जांच कराई गई थी। इस क्रम में विक्रेता अजंती देवी कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। महिला को आइसोलेशन में रखा गया है। रिपोर्ट निगेटिव आने पर महिला को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की तैयारी थी। घटना के बाद पुलिस और स्वास्थ्यकर्मी मामले की छानबीन में जुट गए हैं।

डॉ जॉन एफ केनेडी ने कहा कि महिला को जल्द से जल्द लोकेट कर आइसोलेशन वार्ड में आइसोलेट करना जरूरी है। अगर महिला को जल्द नहीं पकड़ा गया, तो कोविड का संक्रमण फैलने की संभावना बनेगी। आरोपी महिला धूप सेंकने के बहाने आइसोलेशन वार्ड से फरार हुई थी। यहां मौका मिलते ही वह वार्ड की बगल वाली छत पर चढ़कर फरार हो गई थी। उसके पास महिला सुरक्षाकर्मी नहीं थी। एक दिन पहले धूप सेंकने के बहाने वह रेकी की थी।