पानी की तेज बहाव की चपेट में आया यात्रि‍यों से भरा वाहन, फिर …

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

गोमिया (झारखंड)। यात्रियों से भरा वाहन पानी की तेज बहाव की चपेट में आ गया। इस वाअन में पुरुष और महिला के साथ बच्‍चे भी सवार थे। यह घटना झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया ‌प्रखंड के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र झुमरा पहाड़ के समीप शनिवार देर शाम घटी।

जानकारी के मुताबिक बड़की सिधावारा पंचायत‌ के झुमरा पहाड़ की तलहटी बेंदी नाला में एक वाहन यात्रियों को लेकर नाला पार कर रहा था। इस गाड़ी में एक दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। सभी झुमरा पहाड़ के जमनीजरा, सिमरावेडा, सुवरकटवा, बलथरवा और अमन गांव के ग्रामीण हैं। सभी सवारी किसान हैं। वे चतरोचट्टी बाजार गए थे। बाजार से आलू का बिहन खरीदकर गाड़ी से अपने घर लौट रहे थे।

गाड़ी जब बेंदी नाला पार कर रहा थी, तब पानी की तेज धार के चपेट में आ गयी। पानी की तेज धार की चपेट में आते ही गाड़ी में सवार लोगों में अफरा तफरी मच गई। यात्रियों के मुताबिक वाहन पानी और बालू में फंस गया। इसके कारण गाड़ी बहने से बच गयी। उक्त गाड़ी में रमेश माझी, सुरेश महतो, कामेश्वर महतो, सुरेश किस्कू, महेंद्र महतो सहित अन्य लोग सवार थे।

घटना की सूचना मिलते ही बलथरवा गांव के सामाजिक कार्यकर्ता मनोज‌ कुमार पहाड़ि‍या को मिली। वे तुरंत मौके पर पहुंचे। सवारियों को वहां से निकाला। सभी को सुरक्षित उनके घर भेजने की व्यवस्था की।