
कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक मिनी बस के खाई में गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हो गए। घायलों को सेना की मदद से अस्पताल में पहुंचाया गया है। एक बच्चा लापता है। एसडीआरएफ की टीम सर्च कर रही है।
जानकारी के मुताबिक घटना गुरुवार सुबह करीब आठ बजे की है। मिनी बस ठाठरी इलाके से जिला मुख्यालय डोडा आ रही थी। इसी बीच सुईबारी कराड़ा के पास खाई में जा गिरी। बस के गिरते ही चीख पुकार मच गई। इसके बाद आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंचे। इसकी सूचना पुलिस और सेना को दी। सूचना मिलते ही सेना के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की सहायता से खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया।
बताया जाता है कि मिनी बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई थी। इस घटना में दस लोगों की मौत हो गई। हादसे में 15 से अधिक घायल हो गए हैं। सात लोगों को एयरलिफ्ट करके जम्मू लाया गया है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बनी हुई है। डोडा एसडीआरएफ के विजय कुमार ने बताया एक बच्चा लापता बताया जा रहा है। हमारी टीम और लोग सर्च कर रहे हैं।