प्रताड़ना की हद जब हो गयी पार, तो सिदगोड़ा की माया ने थाना से लगाई गुहार

अपराध
Spread the love

दहेज लोभियों के कारण न जानें कितनी जिंदगियां बर्बाद हो जाती हैं। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद इस अंकुश नहीं लग पा रहा है। जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र की एक महिला शादी के 12 वर्षों तक ससुरालवालों की प्रताड़ना झेलने को विवश रही। इसके बावजूद प्रताड़ना का सिलसिला जब नहीं थमा, तो महिला थाना पहुंच गयी।

उसने अपने पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता सिदगोड़ा के ओल्ड बारीडीह होल्डिंग नंबर-आठ की रहने वाली माया कुमारी है। मामला थाने तक पहुंचते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपियों में भालूबासा सागुन अपार्टमेंट के रहने वाले महिला का पति अजीत कुमार सिंह के अलावा ससुर अवधेश कुमार सिंह, अवधेश की पत्नी, ननद आशा सिंह, निशा सिंह, नीरज सिंह और नितेश कुमार सिंह शामिल हैं।

महिला के मुताबिक 29 मई 2010 को उसकी अजीत के साथ शादी हुई थी। उसके कुछ ही दिनों बाद उसे ससुरालवालों ने दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। उसके साथ मारपीट करने के अलावा शारीरिक और मानसिक रुप से प्रताड़ित किया जाता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।