स्‍टोन क्रशर कर्मचारी अपहरण कांड के दो आरोपी गिरफ्तार, ऐसे पहुंची पुलिस

अपराध झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

गोमिया (बोकारो)। आइईएल पुलिस ने करमाटांड स्टोन क्रेशर कांड में शामिल दो आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को तेनुघाट जेल भेज दिया। बीते एक सितंबर की देर रात कुछ अपराधकर्मियों ने स्टोन क्रशर में धावा बोलकर 6 कर्मियों का अपहरण कर लिया था। उन्‍हें जंगल की ओर ले गये थे और क्रशर मालिक से पैसे की मांग की थी। आईइएल पुलिस ने सोमवार को एक आरोपी को बुडगड्ढा और दूसरे को रोहनिया (विष्णुगढ़) से गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार इस घटना के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों ने एक टीम का गठन किया था। इसमें गोमिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर आशीष खाखा, आईइएल के प्रभारी थाना प्रभारी सुरदीप कुमार महतो एवं चतरोचट्टी थाना प्रभारी विवेक तिवारी शामिल थे। सुरदीप कुमार महतो ने बताया कि घटना के दिन अपराधकर्मी मजदूर मुमताज अंसारी से मोबाइल फोन भी छीन कर ले गए थे। उस मोबाइल का एक आरोपी उपयोग कर रहा था।

बोकारो की तकनीकी सेल की मदद से पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के बुडगड्ढा निवासी सहदेव हेंब्रम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के रोहनिया ग्राम निवासी प्रदीप मुर्मू को गिरफ्तार किया गया। दोनों से गहन पूछताछ के बाद आरोपी ने अपराध को कुबूल कर लिया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में तीन-चार अन्य लोग भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर उसकी तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार एक सितंबर की रात को करीब 11 बजे अपराधकर्मि‍यों ने आईइएल थाना क्षेत्र के करमाटांड स्थित एक स्टोन क्रशर में धावा बोला था। वहां काम कर रहे 6 कर्मियों का अपहरण कर जंगल की ओर ले गए थे। उसमें दो महिला कर्मी भी शामिल थी। एक मजदूर को कुछ ही देर में छोड़ दिया गया था। उससे कहा कि क्रशर मालिक से पैसा लेकर तुरंत आओ। उक्त मजदूर ने घटना की जानकारी क्रशर मालिक को दी। फिर क्रशर मालिक ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। हालांकि अपराधकर्मि‍यों ने शेष 5 मजदूरों को भी तीन-चार घंटे बाद छोड़ दिया था।