अपना राष्ट्रवादी पार्टी बना ठेकेदारों से मांगता था लेवी, गढ़वा में 15 कांडों का आरोपी गिरफ्तार

अपराध
Spread the love

गढ़वा। गढ़वा एसपी अंजनी कुमार झा ने प्रेसवार्ता कर बताया कि नगर उंटारी थाना प्रभारी पंकज कुमार तिवारी को गुप्त सूचना मिली की तीन संदिग्ध युवक बाइक से विंढमगंज उत्तर प्रदेश की ओर से नगर उंटारी की तरफ गंभीर घटना को अंजाम देने वाले हैं।

यह सूचना की जानकारी अन्य वरीय पदाधिकारी को देते हुए सनहा दर्ज किया गया एसपी गढ़वा के अनुसार डीएसपी प्रमोद कुमार केसरी और नगर उंटारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर सूचना का सत्यापन किया गया। फिर नगर उंटारी से धुरकी मोड़ पर वाहन चेकिंग के दौरान विंढमगंज की ओर से आ रहे बाइक पर सवार तीन युवक को रोका गया। इनमें एक युवक फरार हो गया। युवकों ने अपना नाम खालानगर निवासी अहमद अंसारी का पुत्र खुस्तर अंसारी और यूपी दूधी के गोड थाना निवासी रामनारायण गोड का पुत्र चंद्रदेव गोड बताया। तलाशी में उनके पास से दो देसी कट्टा, आठ एम एम की 18 चक्र गोलियां, एक देसी पिस्टल, 7.65 एमएम की आठ चक्र गोलियां, दो मैगजीन और अन्य सामान बरामद किए गए।

उनकी निशानदेही पर डंडई थाना क्षेत्र के तसरार पंचायत अंतर्गत महफूज अंसारी के घर से 15 भारतीय पब्लिक कम्युनिटी पार्टी (राष्ट्रवादी) जोनल पलामू का लेटर पैड बरामद किया गया। वहीं लेटर पैड बनाने में इस्तेमाल लैपटॉप एवं प्रिंटर को बरामद कर महफूज अंसारी को गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि वह ठेकेदारों से लेवी वसूलता था। महफूज अंसारी विभिन्न थानों में 15 कांडों का आरोपी है।