‘जीवित’ पत्नी की हत्या के आरोप में पति को जेल, ऐसे हुआ खुलासा

अपराध झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

अरविंद अग्रवाल

पलामू। ‘जीवित’ पत्नी की हत्या के आरोप में पति जेल में है। यह मामला झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र की है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मचा है। पुलिस जीवित पत्नी को कस्टडी में लेकर पूछताछ कर रही है।

ये है मामला

हरिहरगंज थाना क्षेत्र के पवना गांव में 8 सितंबर को सुनसान जंगल में नग्न हालत में एक युवती का शव बरामद हुआ था। शव की पहचान छुपाने के लिए लड़की के चेहरे को पत्थरों से कुचल दिया गया था। सूचना पर हरिहरगंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच में भेज दिया। बाद में मृतक की पहचान नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के खुशबून निशा के रूप में हुई थी।

इसके बाद खुशबून के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। शव को दफन कर दिया। साथ ही मायके वालों की शिकायत पर हत्या के आरोप में खुशबून के पति जाबिर अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया।

जंगल में मिला शव

बाजार में दिखी खुशबून

हरिहरगंज के रहने वाले एक व्यक्ति ने खुशबून निशा को रविवार को छतरपुर बाजार में देखा। इसके बाद उसने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची छतरपुर थाने की पुलिस ने खुशबून को कस्टडी में ले लिया। मामले की छानबीन में जुट गई। सोमवार को हरिहरगंज थाना के प्रभारी ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई और जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि खुशबून कई दिनों से गायब थी, जिस कारण उसके परिजनों ने दावा किया था कि जो शव मिला था, उनकी बेटी का है।

डीएनए टेस्ट की तैयारी

जिस इलाके से 8 सितंबर को शव बरामद हुआ था, वह इलाका जंगल झाड़ियों से घिरा हुआ है। लड़की का शव नग्न हालत में बरामद हुआ था। आशंका जाहिर की जा रही थी कि दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। परिजनों के दावे के बाद ही लड़की का शव सौंपा गया था। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद शव अब किसका है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दंडाधिकारी की मौजूदगी में दफनाए गए शव को बाहर निकाला जाएगा। उसका डीएनए सैंपल लिया जाएगा। उसकी जांच कराई जाएगी।