मुजफ्फरपुर में एलपीजी रिसाव से लगी आग, मां समेत तीन बच्चों की मौत

बिहार मुख्य समाचार
Spread the love

मुजफ्फरपुर के मीनापुर प्रखंड स्थित नंदना गांव में बच्चे के पीने के लिए दूध गर्म करने के दौरान एलपीजी रिसाव होने से आग लग गई। इसमें मां और उसके तीन बच्चों की झुलस कर मौत हो गई।

बच्चों में दीपांजली कुमारी (6), आदित्य (4) और विवेक (3) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां शोभा देवी की मौत एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान हुई। महिला के पति अशोक साह दिल्ली में प्राइवेट फैक्टरी में काम करते हैं और वह छह माह पूर्व दिल्ली गए थे। छठ पूजा में घर आने वाले थे। घटना के बाद उनका बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली से चल दिए हैं। पड़ोसी आशा देवी ने बताया कि अशोक साह का एक कमरे का घर है। शोभा देवी व उनके बच्चे दरवाजे पर थे। इस बीच छोटा बेटा आदित्य दूध पीने के लिए रोने लगा। वह सभी बच्चों को लेकर घर के अंदर गई और चौकी पर बच्चों को बैठा कर दूध गर्म करने के लिए गैस चूल्हा जलाया। इसी बीच गैस रिसाव होने से अचानक आग लग गई। किसी को भी भागने का मौका नहीं मिला। आशा देवी ने बताया कि घर से आग की लपटें उठ रही थीं। शोभा व उसके बच्चे चिल्लाकर मदद की गुहार लगा रहे थे।

आवाज सुन कर सभी पड़ोसी उसके घर की ओर दौड़े। लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर के अंदर जाना संभव नहीं था। अशोक साह की मां सुमरिया देवी सब्जी खरीदने बाजार गई थीं। इस वजह से वह बच गईं। उन्होंने बताया कि आग की लपटें उठती देख उन्हें दूर से लगा कि किसी के घर में आग लगी है। नजदीक आने पर देखा कि उनके घर में ही आग लगी है। बहू, पोता और पोती दर्द से कराह रहे हैं, उसके बाद वह बेहोश हो गईं।