नहीं रहे बिहार कांग्रेस के दिग्गज नेता सदानंद सिंह, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

बिहार मुख्य समाचार
Spread the love

बिहार के राजनीतिक गलियारे से एक दुखद खबर सामने आ रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व बिहार विधानसभा के भूतपूर्व अध्यक्ष सदानंद सिंह का निधन बुधवार को हो गया।

पटना के सगुना मोड़ स्थित क्यूरिस अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। सदानंद सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था। उसके बाद पटना वापस लाकर उनका इलाज किया जा रहा था। उनके निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संवेदना जताई है। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा ने भी शोक प्रकट किया है। राजद नेता व बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी शोक संवेदना प्रकट की है। वहीं हम पार्टी के नेता जीतन राम मांझी ने ट्वीट कर अपना दु:ख प्रकट किया। उन्होंने लिखा कि ‘आज मेरे पुराने साथी ने मेरा साथ छोड़ दिया। सदानंद बाबू हमें छोड़कर चले गए।’

पिछले साल संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भी वह काफी सक्रिय रहे और इस बार उन्होंने अपने जगह पर कहलगांव सीट से अपने बेटे को टिकट देकर चुनाव लड़ाया था। इस दौरान वह काफी सक्रिय रहे और चुनावी सभाओं पर अपने अंदाज में दहाड़ते दिखे थे। एक बार जब कांग्रेस ने उनका टिकट काट दिया था, तो निर्दलीय से जीत कर उन्होंने अपनी ताकत दिखाई थी।