12 सूत्री मांगों को लेकर 30 हजार निकाय कर्मी आज से हड़ताल पर, सरकार को ठहराया जिम्मेदार

बिहार
Spread the love

बिहार में अपनी 12 सूत्री मांगों को लेकर निकाय कर्मियों की हड़ताल आज से शुरू हो गई है। बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के एलान पर आज मंगलवार से राज्य के सभी नगर निकाय के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं।

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव के साथ वार्ता विफल होने के बाद से हड़ताल पर जाना तय हो गया था। बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह ने एलान कर दिया था कि नगर निकायों के 30 हजार कर्मचारी मंगलवार से हड़ताल पर जाएंगे। हड़ताल से पैदा होने वाली स्थिति के लिए नीतीश सरकार और नगर निकाय प्रशासन पूरी तरह से जिम्मेदार होंगे। निकाय कर्मचारियों ने सरकार के समक्ष 12 सूत्री मांग रखी है। इसमें ग्रुप डी के पद को पुनर्जीवित करने की मांग सबसे बड़ी है। इसके अलावा मुख्य मांगों में 10 वर्षों की सेवा पूरी करने वाले दैनिक मजदूरों के नियमितीकरण, इससे पहले दैनिक कर्मचारियों को समान काम के लिए समान वेतन शामिल है।

पटना नगर निगम के चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। तृतीय श्रेणी के कर्मी भी इसी तैयारी में हैं। अगर काम से रोका जायेगा, तो वह रुकेंगे। प्रधान सचिव स्तर पर वार्ता में मांगों पर गौर नहीं करने का आरोप संघ ने लगाया है। संघ संघर्ष समिति के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह का कहना है कि हमारी मंशा कभी भी आम लोगों को परेशान करने की नहीं है, लेकिन निगम की सफाई कर्मचारियों का पद खत्म करने की साजिश के खिलाफ आवाज उठाना हमारी मजबूरी है।