
बड़ी खबर झारखंड पुलिस मुख्यालय से आयी है। साइबर अपराधियों के जामताड़ा गैंग पर नकेल कसने के लिए अब उनकी संपत्तियां जब्त करने की कार्रवाई की जायेगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि जब्त की गयीं संपत्तियों पर किसका अधिकार होगा।
झारखंड पुलिस मुख्यालय ने ऐसे 09 साइबर अपराधियों को चिह्नित किया है, जिन्होंने 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति अर्जित की है। इनकी सूची और इनके द्वारा जुटायी गयी संपत्ति का ब्योरा प्रवर्तन निदेशालय का सौंपा गया है। माना जा रहा है कि प्रवर्तन निदेशालय जल्द ही इस दिशा में कार्रवाई कर सकता है। यहां बता दें कि जिन साइबर अपराधियों की अकूत संपत्ति का ब्योरा प्रवर्तन निदेशालय को सौंपा गया है, उनमें इस्माइल अंसारी, मिखाइल अंसारी, लालू राणा सहित अन्य छह के नाम शामिल हैं। साइबर अपराधियों के जामताड़ा गैंग ने पूरे देश में लाखों लोगों से ठगी की है।
जामताड़ा का करमाटांड़ गांव इन अपराधियों की राजधानी के तौर पर विकसित हो गया है। धीरे-धीरे यह गैंग धनबाद, गिरिडीह, रांची और धनबाद के साथ-साथ देश के कई इलाकों में पसर गया है। साइबर अपराधियों ने लाखों लोगों के अकाउंट से पैसे उड़ाये हैं। सिने सुपर स्टार और महानायक अमिताभ बच्चन और पंजाब के मुख्यमंत्री भी इन अपराधियों के शिकार हुए हैं।
पिछले दिनों साइबर अपराध की दुनिया के मोस्ट वांटेड अपराधी सीताराम मंडल को भी गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ शातिर मजिद अंसारी भी हुआ गिरफ्तार है। इस पर देश के विभिन्न प्रदेशों में 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। करमाटांड़ थाना के सिंदरजोरी के मोस्ट वांटेड सीताराम मंडल को जामताड़ा और हैदराबाद पुलिस ने संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया था।