बड़ी खबरः देवघर डीसी के आदेश के खिलाफ सांसद निशिकांत की पत्नी अनामिका गौतम पहुंचीं झारखंड हाइकोर्ट

मुख्य समाचार
Spread the love

देवघर। बड़ी खबर देवघर से आयी है। यहां के डीसी के आदेश को रद्द करने की मांग को लेकर सांसद निशिकांत दुबे की पत्नी अनामिका गौतम ने सोमवार को हाइकोर्ट में याचिका दायर की। दायर याचिका में कहा गया है कि देवघर डीसी द्वारा उनकी कंपनी धन्यभूमि इंटरप्राइजेज के म्यूटेशन को रद्द करने का दिया गया आदेश गलत है।

ऐसे में उन्होंने अदालत से इस आदेश को रद्द करने के लिए गुहार लगायी। उनकी याचिका पर सोमवार को झारखंड हाइकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान उन्हें अदालत से किसी तरह की राहत नहीं मिली। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए मंगलवार की तिथि निर्धारित की है। यहां बता दें कि सांसद निशिकांत की पत्नी अनामिका गौतम की कंपनी धन्यभूमि इंटरप्राइजेज के नाम पर दर्ज करीब 31 एकड़ की जमीन का म्यूटेशन रद्द करने का आदेश देवघर डीसी ने पिछले दिनों ही दिया था।

यह जमीन देवघर जिले के देवीपुर के होड़ाकुरा मौजा में स्थित है। जमीन का खाता नंबर 05 और 06 है। कुल जमीन 30.9 एकड़ है। इस विवादित जमीन का मामला काफी दिनों से देवघर डीसी के न्यायालय में चल रहा था। जिसपर डीसी ने फैसला सुना दिया है। यह पहली बार नहीं हुआ है कि सांसद निशिकांत की पत्नी अनामिका गौतम की कंपनी के नाम की जमीन की जमाबंदी रद्द हुई हो। इससे पहले भी एक मामला ऐसा आया था, जिसे लेकर निशिकांत दुबे झारखंड हाइकोर्ट पहुंचे थे। कोर्ट से उन्हें राहत भी मिली।