आर्चरी वर्ल्ड कप में रांची की दीपिका ने महज 05 घंटे में जीते तीन स्वर्ण पदक, केद्रीय मंत्री ने दी बधाई

खेल झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। अच्छी और गर्व करने वाली खबर यह है कि भारतीय महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी ने रविवार को तीरंदाजी विश्व कप के व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

विश्व कप में यह उनका तीसरा स्वर्ण पदक है। दीपिका ने 28 अंकों के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। दीपिका ने इससे पहले अपने पति अतनु दास के साथ मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में नीदरलैंड के जेफ वान डेन बर्ग और गैब्रिएला शोलेसर को 5-3 से हराकर गोल्ड मेडल जीता था।

इससे पहले दीपिका, अंकिता भगत और कोमोलिका बारी की भारतीय महिला रिकर्व टीम ने मेक्सिको पर 5-1 की आसान जीत से स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। उक्त तीनों सफलताएं दीपिका को महज पांच घंटे के अंदर मिली हैं।

रिकर्व में तीन स्वर्ण जीतने वाला दूसरा देश बना भारत

यहां बता दें कि दक्षिण कोरिया के बाद भारत दूसरा देश बन गया है, जिसने तीन स्वर्ण पदक रिकर्व में जीते हैं। रिकर्व व कंपाउंड मिलाकर भारत के धनुर्धरों ने ओलंपिक से ठीक पहले पेरिस में खेले गये विश्वकप के तीसरे चरण में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए चार गोल्ड जीते।

भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने पेरिस में चल रहे विश्व कप तीरंदाजी में दीपिका के एकल रिकर्व में, दीपिका कुमारी एवं अतनु दास के मिश्रित युगल रिकर्व और महिला रिकर्व में दीपिका के साथ कोमोलिका एवं अंकिता के स्वर्ण पदक जीतने पर उन्हें बधाई दी है।