आवास प्‍लस एप्स में योग्य लाभुकों का नाम नहीं, मुखि‍या संघ ने बीडीओ से की शिकायत

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड की सभी पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास प्लस एप्स की सूची में योग्य लाभुकों का नाम नहीं है। इससे गरीब निराश हैं। आवास प्लस एप्स में टेक्निकल खराबी के कारण कुछ लाभुकों का नाम हट गया है। गोमिया प्रखंड मुखिया संघ ने उक्त समस्या से बीडीओ कपिल कुमार को अवगत कराया है। छूटे हुए लाभुकों का नाम सूची में जोड़ने की मांग की है।

इस संदर्भ में बीडीओ कपिल कुमार ने कहा कि वर्ष, 2011 के सर्वे के बाद छूटे हुए लाभुकों के नाम को आवास प्लस एप्स के माध्यम से जोड़ा गया है। टेक्निकल खराबी के कारण छूटे हुए लाभुकों की सूची का प्रतिवेदन जिला भेज दिया गया है। मौके पर गोमिया प्रखंड मुखिया संघ की अध्यक्ष रहमतून निशा ने कहा कि लाभुकों का मकान अत्यंत जर्जर अवस्था में है। भारी बारिश एवं तेज आंधी के कारण कई गरीबों का मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐसे उनका प्रधानमंत्री आवास निर्माण कार्य प्राथमिकता के साथ होना चाहिए। सूची से नाम हटने के बाद यह लोग अत्यंत निराश हैं। जल्द से जल्द प्रखंड के सभी पंचायतों में छूटे हुए योग्य लाभुकों का सूची में नाम अंकित होना चाहिए।

ये भी पढ़े : पुलिस को लगातार दूसरे दिन मिली बड़ी सफलता, बिहार-झारखंड का आतंकी इनामी नक्‍सली गिरफ्तार

मौके पर मुखिया संघ के सचिव तुलसी यादव, खंभरा मुखिया फूलो देवी, ससबेड़ा मुखिया शांति देवी, होसिर पूर्वी मुखिया राम लखन प्रसाद, होसिर पश्चिमी मुखिया नंदू प्रजापति, तुलबुल मुखिया जलेश्वर हांसदा,पलिहारी गुरुडीह मुखिया ललिता देवी, गोमिया मुखिया प्रतिनिधि द्वारिका रवानी, कोदवाटांड मुखिया प्रतिनिधि आमिर अंसारी आदि लोग उपस्थित थे।