रांची। बड़ी खबर यह है कि रांची सिविल कोर्ट में कल यानी मंगलवार से वर्चुअल के साथ फिजिकल मोड में भी सुनवाई होगी। 14 अगस्त को झारखंड हाइकोर्ट के प्रभारी रजिस्ट्रार जनरल के जारी निर्देश के अनुसार सोमवार को रांची सिविल कोर्ट के प्रधान न्याय आयुक्त नवनीत कुमार ने आदेश पत्र जारी किया।
पत्र के अनुसार रांची सिविल कोर्ट में 50 फीसदी फिजिकल और 50 फीसदी वर्चुअल मोड में केस की सुनवाई होगी। फिजिकल कोर्ट शुरू करने से पहले रांची सिविल कोर्ट के पीडीजे ने अन्य न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक कर निर्णय लिया। जारी पत्र के मुताबिक न्यायालय परिसर के अंदर मौजूद सभी अधिवक्ताओं के साथ उनके स्टाफ को कोविड के सभी नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहन कर आना होगा। बिना मास्क के किसी को परिसर के अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं मिलेगी।