दुकान में गाड़ी घुसने के बाद गुस्साये ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी को पीटा, जानें फिर क्या हुआ

अपराध
Spread the love

गिरिडीह। बड़ी खबर झारखंड के गिरिडीह से आयी है। यहां के बेंगाबाद थाना इलाके में सुबह पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर विवाद हुआ। इसी विवाद में आक्रोशित ग्रामीणों ने बेंगाबाद के अंचलाधिकारी के. मरांडी की पिटाई कर दी। उन्हें बंधक बना लिया गया। पिटाई से अंचलाधिकारी मरांडी जख्मी हुए हैं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बेंगाबाद थाना प्रभारी कमेलश पासवान अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अंचालाधिकारी को ग्रामीणों से मुक्त करवाया। जानकारी के अनुसार बेंगाबाद थाना के भोजदाहा कर्णपुरा मोड़ पर रविवार की सुबह करीब आठ बजे गिरिडीह से देवघर जा रही एक अर्टिगा कार मोटर पार्ट्स की दुकान में घुस गई। इसमें दो ग्रामीणों को चोट लगी। जिसके बाद ग्रामीणों के अर्टिगा के ड्राइवर को बंधक बना लिया और सड़क जाम कर दी। जानकारी मिलने के बाद अंचलाधिकारी मरांडी घटनास्थल पर पहुंचे थे। आक्रोशित ग्रमीणों को समझाते हुए जाम हटाने को कहा, लेकिन ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।

अंचलाधिकारी मरांडी ने जब ड्राइवर को मुक्त कराने का प्रयास किया, तब ग्रामीण भड़क उठे। ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी की ही पिटाई कर दी। वहीं घटना के दूसरे दिन सोमवार को बेंगाबाद थाना में 42 आरोपियों को नामजद अभियुक्त और दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस मामले में छह लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है। पुलिस ने धर-पकड़ करते हुए करीब दो दर्जन दोपहिया वाहन जब्त किये हैं।