पालमू। झारखंड के पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के नगर निगम क्षेत्र के शास्त्री नगर, भट्टी मोहल्ला में मंगलवार को एक जर्जर मकान गिर गया। मलबे में दबकर पांच लोग जख्मी हो गये।इसमें दो की हालत गंभीर बतायी गयी है।
जानकारी के अनुसार भट्टी मोहल्ला निवासी मुनीब मियां का घर मंगलवार की सुबह अचानक भरभरा कर गिर गया, जिसमें दबकर घर के कई लोग घायल हो गये। घायलों में रूबी, निशा, सबीर आलम, नहीद परवीन, लकी सिद्दीकी और समसा परवीन शामिल हैं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना टीओपी वन प्रभारी रेवा शंकर राणा को दी। घटना की जानकारी मिलते ही रेवा शंकर राणा अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे में दबे सभी घायलों को निकाल कर उन्हें इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों द्वारा इलाज के बाद भी एक दो लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
बताया जाता है कि घर बहुत पुराना था, जिसे गिराने को लेकर 2001 से ही विवाद चल रहा था, मगर परिवार का एक पक्ष राजी नहीं था। घायल परिवार के लोग लगातार घर गिराने की मांग कर रहे थे, मगर एक पक्ष इसमें लगातार टांग अड़ाता रहा, जिस कारण यह बड़ी दुर्घटना हुई। सदर एसडीएम राजेश शाह ने कहा कि फिलहाल हमारी प्राथमिकता घायलों के इलाज की है। अस्पताल अधीक्षक को इलाज के लिए जरूरी निर्देश दे दिया गया है। एसडीएम ने मकान को लेकर आश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने की बात कही। 2019 में दो साल पहले भी इसी घर का छज्जा गिरने से एक महिला की मौत हो चुकी है।