
- शरद पवार से मिले विधायक कमलेश सिंह, बिहार की राजनीति पर चर्चा
पलामू। हुसैनाबाद को जिला बनाने के मुद्दे पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सुप्रीमो शरद पवार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात करेंगे। पार्टी के विधायक सह प्रदेश अध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह ने इस मामले को दिल्ली में उनके समक्ष उठाया। मुख्यमंत्री से बात करने का अनुरोध किया।
विधायक ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर झारखंड सरकार को उनका समर्थन मिला है। सरकार को भी इसका ख्याल रखना चाहिए। उन्होंने शरद पवार से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हुसैनाबाद को जिला बनाने और विकास की गति तेज करने के लिए वार्ता करने की बात कही। पार्टी सुप्रीमो ने नेताओं को संगठन को मजबूत बनाने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि वह हुसैनाबाद के मामले पर झारखंड के मुख्यमंत्री से बात करेंगे।
विधायक कमलेश कुमार सिंह और पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता सूर्या सिंह दिल्ली में पार्टी सुप्रीमो शरद पवार से मिले थे। उन्होंने हुसैनाबाद को जिला बनाने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात करने का आग्रह किया। नेताओं ने कहा कि झारखंड में पार्टी के संगठन को मजबूत किया जा रहा है। सभी जिलों से कार्यकर्ता एनसीपी के साथ जुड़ रहे हैं। आने वाले वर्ष में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी झारखंड में एक शक्ति के रूप में उभर कर सामने आयेगी। राज्य में समय-समय पर केंद्रीय नेताओं का कार्यक्रम भी आयोजित किया जायेगा।
विधायक ने शरद पवार के साथ बिहार की मौजूदा राजनीति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि बिहार में पार्टी का संगठन प्रखंड और पंचायत स्तर पर मजबूत किया जायेगा। इसके लिए रणनीति तय कर ली गई है। कोरोना काल के बाद वहां पार्टी की गतिविधियां बढ़ने के साथ-साथ जनता के मुद्दों को लेकर आंदोलन भी चलाया जायेगा। इस वर्ष बिहार में पार्टी को सशक्त बनाने में झारखंड के नेता भी जुटेंगे।