अति उग्रवाद प्रभावित अमन गांव में आएगी समृद्धि, तलाशी जा रही पर्यटन की संभावना

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। अति उग्रवाद प्रभावित अमन गांव में समृद्धि आयेगी। इसका जल्‍द ही कायाकल्‍प होगा। पहाड़ी की चोटी में बसे इस गांव में पर्यटन की संभावना तलाशी जा रही है। हाल ही में गोमिया प्रखंड विकास पदाधिकारी ने इस गांव का दौरा किया।

झारखंड के बोकारो जिले से 154 किलोमीटर दूर गोमिया प्रखंड के अति उग्रवाद प्रभावित चुटे पंचायत के‌ अंतर्गत झूमरा पहाड़ी की चोटी पर अमन गांव बसा है। सात दशक में पहली बार कि‍सी सरकारी पदाधिकारी ने यहां के ग्रामीणों की सूध ली। जंगल झाड़ और संकीर्ण पथरीले रास्ते से होते हुए गांव के हालात देखने प्रखंड विकास पदाधिकारी कपिल कुमार बाइक से पहुंचे। उन्‍होंने ग्रामीणों की बातें सुनीं। गांव का जल्द कायाकल्प होने का भरोसा दिलाया।

बीडीओ ने कहा कि यहां के ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास दिया जायेगा। मनरेगा से कूप, तालाब, डोभा एवं सड़क निर्माण कराये जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि छूटे हुए लोगों को पेंशन दिलायी जायेगी। ग्रामीणों से मिलने के बाद वे निकट‌‌ सुंदरी पहाड़ भी गये।‌ पहाड़ का सौंदर्य देख उन्होंने पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए पत्राचार करने की बात कही।

ग्रामीणों ने बीडीओ से कहा कि सिमराबेड़ा से अमन तक सड़क बनाने के लिए वन विभाग द्वारा एनओसी नहीं दिया जा रहा है। इसके कारण पिछले दो वर्षों से सड़क निर्माण रुका हुआ है। उन्होंने अमन से दडंरा तक भी सड़क निर्माण ‌कराने का आग्रह किया। मौके पर निवर्तमान मुखिया पति उपेन्द्र महतो, सतोष‌ कुमार, अजय कुमार, रोजगार सेवक विष्णु देव महतो के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कुमार पहाड़िया, संजय‌ कुमार आदि ग्रामीण उपस्थित थे।