रांची। राजधानी रांची के कांके में 87 बेड के कैंसर अस्पताल का निरीक्षण और उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने किया। कांके स्थित इस अस्पताल का निर्माण टाटा ट्रस्ट ने किया है। मौके पर प्रोजेक्ट हेड शैलेश कुमार, नीलेश कुमार, जितेंद्र तिवारी, सतीश नायर, अदिति सेनगुप्ता सहित टाटा के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने टाटा ट्रस्ट द्वारा नवनिर्मित कैंसर अस्पताल का निरीक्षण करने के अलावा कंस्ट्रक्शन साइट के साथ ही विभिन्न विभागों का भी अवलोकन किया। साथ ही कंपनी प्रबंधन के साथ आयोजित बैठक में प्रोजेक्ट के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके बाद मीडिया से कहा कि कैंसर पीड़ितों के लिए ये अस्पताल वरदान साबित होगा।

राज्य सरकार इसके सफल संचालन के लिए हर संभव मदद करेगी। 87 बेडवाले इस अस्पताल के बनने से रांची और आसपास के जिलों के मरीजों के लिए इलाज आसान हो जायेगा। बन्ना गुप्ता ने अस्पताल परिसर में पौधा लगाया। कहा कि झारखंड की पहचान जल, जंगल और जमीन है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में झारखंड अग्रणी भूमिका निभा रहा है। भविष्य में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा, यहां के लोग प्रकृति प्रेमी हैं। प्रकृति उपासक भी। इस कारण हमारे दिनचर्या, संस्कृति और संस्कार में प्रकृति की रक्षा करना शामिल है।