पर्यावरण को बचाने के लिए सभी को आगे आना होगा : डॉ जेबा

झारखंड
Spread the love

रांची। डोरंडा महाविद्यालय, रांची की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा वन महोत्सव के अंतर्गत 16 जुलाई को महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम किया गया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ जेबा ने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए सभी को आगे आना होगा। प्राकृतिक संसाधनों का अधिक दोहन करने से वैश्विक स्तर पर पर्यावरण खतरे में है। समय रहते अगर हम सचेत नहीं हुए तो और भयानक दुष्प्रभाव दिखने को मिलेगा। जलवायु परिवर्तन एवं ग्लोबल वार्मिंग से बचने के लिए अधिक से अधिक पौधा लगाना होगा।

रांची विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ ब्रजेश कुमार ने कहा कि झारखंड की पहचान यहां के घने एवं सूंदर वनों से रही है। आज विकास की अंधी दौड़ में हम जंगलों की अंधाधुंध कटाई कर रहे हैं, जिससे असंतुलन बनता जा रहा है।

पौधरोपण कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या डॉ जेबा ने की। इसके बाद कॉलेज के प्राध्यापक क्रमशः डॉ संजीव चतुर्वेदी, डॉ रजनी टोप्पो, डॉ मुस्ताक अहमद, डॉ चंद्रिका ठाकुर, डॉ बरुण मंडल, डॉ एम रहमान, डॉ सीमा सिंह, बड़ा बाबू रिझु कच्छप आदि ने पौधे लगाये। उसे बचाने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम का आयोजन में कॉलेज की एनएसएस की कार्यक्रम पदाधिकारी शालिनी एवं स्वयंसेवक दिवाकर आनंद, अवधेश ठाकुर की भूमिका रही। कुल 25 पौधे लगाए गए।