पति की मृत्‍यु के 24 घंटे के अंदर पत्‍नी की कुएं में मिली लाश

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। जिले के बेरमो अनुमंडल के गोमिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की मृत्‍यु के मात्र 24 घंटे भी नहीं गुजरे थे कि उसकी पत्नी की लाश कुएं से मिली। लगातार दो लोगों की मौत से परिजन सदमे में है।

जानकारी के अनुसार गोमिया सिनेमा हॉल निवासी लाला कान्दू (52) की गुरुवार को मृत्‍यु हो गयी थी। वह कुछ दिन से बीमार था। उसका इलाज रिम्‍स रांची में चल रहा था। मृत्‍यु के बाद कल ही उसका अंतिम संस्कार किया गया। पति की मृत्‍यु के 24 घंटे भी नहीं गुजरे थे कि पत्नी अनुराधा देवी (45) की मौत हो गई। उसकी मौत घर के समीप कुआं में गिरने से हुई।

परिजनों ने बताया कि उसे मिर्गी का भी दौरा पड़ता था। इसके अलावा रात को कभी भी उठकर घर का काम करने लगती थी। कभी-कभी वह रात को गांव में घूमने निकल जाती थी। वह सुशील और मिलनसार महिला थी। उन्होंने बताया कि ऐसा लगता है कि वह रात को उठी और बाथरूम गई होगी। इसके लिए कुआं से पानी निकाली है। बाल्टी में पानी आधा भरा हुआ है। इस दौरान उसे मिर्गी का दौरा पड़ा होगा और वह कुआं में गिर गई।

परिजनों ने बताया कि लाला कान्दू का अंतिम संस्कार कर लौटने के बाद सभी थके हुए थे। रात को गहरी नींद में सभी सो गए। अनुराधा देवी भी घर की महिलाओं के साथ सो गई। उसकी एक बेटी भी साथ ही सोई थी। वह बीए में पढ़ती है। अनुराधा कब नींद से उठी और कुआं में जा गिरी, इसकी जानकारी किसी को नहीं हुई। सुबह जब उन्हें खोजा जाने लगा, तब वह कुएं में तैरती हुई लाश मिली। परिजनों ने तुरंत इस घटना की जानकारी गोमिया पुलिस को दी।

मौके पर पुलिस पहुंचकर लाश को बाहर निकाला गया। इस संबंध में थाना प्रभारी आशीष खाखा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुआं से बाहर निकाला। पुलिस परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हकीकत सामने आएगी।