घोटाले के लिए सत्ता चाहती है कांग्रेस : दीपक प्रकाश

झारखंड
Spread the love

रांची। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के बयान पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस सत्ता से दूरी पचा नहीं पा रही है। इसलिए नेता अनाप सनाप बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा क्या कांग्रेस को घोटाले के लिए सत्ता सौंप दिया जाए? जीप खरीदी घोटाला, बोफर्स घोटाला, स्टॉक मार्केट घोटाला, दूरसंचार घोटाला, यूरिया घोटाला, टूजी स्पेक्ट्रम घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला समेत 40 से ज्यादा बड़े घोटालों के लिए क्या कांग्रेस को सत्ता क्यों सौंप दिया जाए? उन्होंने कहा कि‍ जिस प्रकार बिन पानी मछली नहीं रह सकती, ठीक उसी प्रकार कांग्रेस सत्ता से दूर नहीं रह सकती है।

प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सांप्रदायिक ध्रुवीकरण, विकास कार्यों पर कुठाराघात, सत्ता के आकंठ में डूबकर घोटाले के लिए सत्ता चाहती है। यह देश की जनता समझ चुकी है। इसीलिये कांग्रेस को देश की सत्ता से बाहर कर  दिया है।

प्रकाश ने कहा कि जनता कांग्रेस की नीति से ऊबकर भाजपा को देश संभालने का मौका दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और सुशासन के कार्यों के साथ आत्मनिर्भरता की ओर मजबूती से कदम बढ़ा रहा है। केंद्र सरकार ने कोरोना जैसी त्रासदी के बावजूद बेहतर कार्य किया है। राष्ट्र की सुरक्षा से लेकर एक-एक गरीब व्यक्ति के जीवन को बेहतर करने के लिए कई कार्य किया है। देश विज्ञान, शिक्षा, सांस्कृतिक विकास, आंतरिक सुरक्षा, देश की राष्ट्रीय अखंडता की मजबूती में तेजी से आगे बढ़ा है। देश विकास पथ पर तेजी से अग्रसर हो रहा है। आज बुनियादी सुविधाओं का तीव्र विकास हो रहा। गांव, गरीब, किसान, वंचित के कल्याण की योजनाएं बन रही। गरीबों के खाते में उनके हक का सौ पैसा पहुंच रहा। विचौलिये गायब हैं।

प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि सलमान खुर्शीद को बयान देने से पूर्व आईने में खुद का चेहरा देख लेना था। झारखंड में कांग्रेसी विधायक ही काम नहीं होने का आरोप लगाते आ रहे हैं।  कांग्रेस प्रभारी पर पैसा लेने का आरोप लगता रहा है। कांग्रेस झामुमों की सरकार अब तक के सबसे विफल सरकारों की सूची में अव्‍वल दर्जा प्राप्त कर चुकी है। युवा से लेकर किसान तक सब मोर्चे पर हेमंत सरकार विफल साबित हुई है। नैतिकता के हिसाब से सलमान खुर्शीद को बताना चाहिए कि वे झारखंड में सत्ता का हस्तांतरण कब कर रहे हैं।