रांची स्टेशन पर प्रसव पीड़ा से तड़पती रही महिला, नहीं पहुंची मेडिकल टीम, गर्भ में शिशु की मौत

झारखंड
Spread the love

रांची। राजधानी के रांची रेलवे स्टेशन पर एलेप्पी ट्रेन से धनबाद जा रही एक महिला को लेबर पेन हुआ।

इस दौरान महिला के पास न डॉक्टर आये और न ही उसे एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई। आधे घंटे तक वह स्टेशन पर ही तड़पती रही। उसके बाद उसे आरपीएफ के जवानों ने कार में लादकर उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला की तो जान बच गई, लेकिन उसने एक मृत बच्चे को जन्म दिया।

बिहार के नवादा की रहनेवाली वह महिला अपने पति और छोटे बच्चे के साथ एलेप्पी एक्सप्रेस के कोच संख्या एस 11 के सीट नंबर 58 और 64 पर सफर कर रही थी। रांची स्टेशन पहुंचने से पहले महिला को लेबर पेन हुआ। मेरी सहेली की टीम ने गर्भवती महिला यात्री को एक स्ट्रेचर की सहायता से रांची स्टेशन में ट्रेन से उतारा। वह दर्द से तड़प रही थी।

दो इंस्पेक्टर की मदद से उसे कार में रिम्स भेजा गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। प्रसव में उस महिला ने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। रांची स्टेशन पर महिला को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं कराने को लेकर प्रेम कटारूका, मानद सचिव झारखंड पैसेंजर्स एसोसिएशन एवं पूर्व सदस्य क्षेत्रीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति ने डीआरएम को पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया है कि इस तरह की लापरवाही को संज्ञान में लें।

यात्री गाड़ियों के रांची हटिया स्टेशनों पर आगमन के समय मेडिकल टीम हर बार लापता रहती है। क्या उनका कार्य क्षेत्र स्वास्थ्य सेवा केन्द्र तक सीमित किया गया है। अगर ऐसा नहीं हैं, तो टीम से जुड़े डॉक्टर एवं अन्य कर्मियों पर दंडात्मक कार्रवाई करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने का कष्ट करेंगे कि भविष्य में मेडिकल टीम उपस्थित रहे, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।