झारखंड में दो सप्ताह में दी गई छह लाख लोगों को वैक्सीन की डोज

झारखंड सेहत
Spread the love

  • लोगों को टीकाकरण के लिए किया जा रहा जागरूक, चल रहा अभियान

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में टीकाकरण अभियान को लगातार गति दी जा रही है। एनएचएम झारखंड के पास उपलब्ध टीके के आंकड़ों के अनुसार 26 मई तक झारखंड में वैक्सीन कवरेज 40,12,142 थी, जो आठ जून की सुबह तक 46,07,189 डोज के कवरेज तक पहुंच गयी। पूरे झारखंड में दो सप्ताह के दौरान लगभग 6 लाख वैक्सीन की नई खुराक दी गई। 26 मई तक राज्य सरकार के पास कुल टीका की उपलब्धता 42,07,128 डोज की थी, इसमें से 40,12,142 डोज दी जा चुकी थी। आठ जून तक कुल टीका डोज की उपलब्धता 46,76,990 थी, इसमें से 46,07,189 डोज दी गयी थी।

क्षति को किया कम, टीकाकरण की बढ़ी गति

राज्य सरकार ने मई में लोगों को वैक्सीन की आवश्यकता, कोविड उपयुक्त व्यवहार और अन्य प्रासंगिक जानकारी के बारे में जागरूक करने के लिए जागरुकता अभियान शुरू किया। जेएसएलपीएस के तहत सखी मंडल की 23 लाख से अधिक महिलाओं को राज्य भर में जन जागरुकता अभियान के लिए प्रशिक्षित किया गया। संचार माध्यमों से भी टीकाकरण को लेकर व्याप्त भ्रांतियां दूर की गयी।

टीकाकरण को महाअभियान का रूप दिया गया 

राज्य के कई दुर्गम इलाकों में टीकाकरण के लिए चारपहिया वाहन से पहुंचना मुश्किल था। सरकार ऐसे क्षेत्रों में निवास करने वालों को भी वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इस भावना के साथ कई जिलों ने ऑन स्पॉट पंजीकरण सुविधा के साथ बाइक टीकाकरण अभियान अपनाया है। इससे ग्रामीण आबादी के बीच जागरुकता पैदा करने और एक बड़ी आबादी को टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचाने में भी मदद मिली। राज्य के दूर-दराज के हिस्सों में टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल टीकाकरण वैन भी चलाया जा रहा है।

वैक्सीन की क्षति में कमी दर्ज की गई

टीकाकरण अभियान को और गति देकर वैक्सीन की क्षति को कम किया जा रहा है। राज्य सरकार वैक्सीन सेंटर में यह सुनिश्चित कर रही है कि वैक्सीन की क्षति ना हो। 26 मई तक राज्य में वैक्सीन की क्षति 4.5 प्रतिशत के करीब थी, जो घटकर 1.5 प्रतिशत से भी कम हो गई है। टीकाकरण अभियान की घोषणा के दिन से ही राज्यवासियों के लिए टीके की उपलब्धता सुनिश्चित करने का अथक प्रयास राज्य सरकार कर रही है। वैक्सीन अंतिम व्यक्ति को उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित करने का प्रयास लगातार जारी है।