रांची। झारखंड की राजधानी रांची में लगे वीकेंड लॉकडाउन का साइड इफेक्ट देखने को मिला है। वरीय आरक्षी अधीक्षक सुरेंद्र कुमार झा ने चार पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई एक वीडियो के वायरल होने के बाद की गई।
दरअसल, झारखंड में 12 जून की शाम 4 बजे से 14 जून की सुबह 6 बजे तक संपूर्ण लॉकडाउन लगाया गया था। इस दौरान लोगों के घरों से निकलने की मनाही थी। सिर्फ आवश्यक सेवाओं की छूट थी।
पुलिस की टीम लोगों से आग्रह कर रही थी कि वे बेवजह घर से नहीं निकलें। हालांकि रांची पुलिस के ही कुछ जवान लॉकडाउन के नियमों का खुला उल्लंघन करते हुए मिले हैं। कुछ पुलिसकर्मी खुद शराब का सेवन करते हुए कैमरे में कैद हुए हैं।
मामला रांची के गोंदा थाना क्षेत्र का था। क्षेत्र के कांके रोड स्थित रॉक गार्डन का गेट बंद कर पीसीआर-10 में तैनात जवान 13 जून को शराब का सेवन कर रहे थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें साफ पर दिख रहा है कि रांची पुलिस के जवान खाना खा रहे हैं। शराब ग्लास में भरी हुई है और बोतलें भी रखी हुई हैं।
बियर पार्टी का वीडियो वायरल होने के मामले को गंभीरता एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने गंभीरता से लिया। उन्होंने चार पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया।