अपहृत युवक को पुलिस ने किया बरामद, फिर सामने आई नई कहानी

अपराध झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। युवक का अपहरण हो गया था। थाना में मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस ने छानबीन शुरू किया। अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद नई कहानी सामने आई। इसका खुलासा तेनुघाट के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश चंद्र झा ने किया।

झा ने बताया कि बताया कि जरीडीह थाना अंतर्गत अपहृत हुए आनंद कुमार नायक ही अपहरणकर्ता था। बड़े ही नाटकीय अंदाज में आनंद अपने मौसेरे भाई विवेकानंद भारती के अपहरण का प्लान अपने दोस्त विवेक गंझू के साथ मिलकर बनाया था। मगर विवेकानंद किसी तरह उनके चंगुल से बच निकला। उसे लगा कि उसके भाई आनंद का अपहरण कर लिया गया है। फिर तिरो निवासी विवेकानंद के पिता मनोज नायक ने जरीडीह थाना में अपने साडू के बेटे आनंद कुमार नायक के अपहरण का मामला दर्ज कराया।

इसके बाद बोकारो पुलिस अधीक्षक ने मामले का खुलासा करने के लिए टीम गठित की। इसमें श्री झा के सहित जरीडीह पुलिस इंस्पेक्टर रुस्तम अंसारी, थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक प्रकाश महतो एवं रवि कुमार यादव, सहायक अवर निरीक्षक बिरजू राम एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी थे। टीम ने आनंद कुमार नायक को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि उसके द्वारा ही अपने साथी विवेक गंझू के साथ मिलकर अपने मौसेरे भाई विवेकानंद भारती का पैसे के लिए अपहरण करने की योजना बनाई थी। मगर सफल नहीं हो सका। इसके कारण अपने अपहरण की झूठी कहानी बनाई थी। उसमें भी वह पकड़ा गया।

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों तेनुघाट ओपी अंतर्गत छपरगढ़ा निवासी विवेक गंझू उर्फ छोटू एवं आनंद कुमार नायक उर्फ पुतला को गिरफ्तार कर लिया। उनके द्वारा उपयोग में लाई गई दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल (जेएच 09 टी 5724), मुंह एवं हाथ में बांधने के लिए उपयोग में लाये गये गमछा और टी-शर्ट जब्‍त किया।