सीएम से मिले दिवंगत सब इंस्‍पेक्‍टर के माता-पिता, न्याय दिलाने की लगाई गुहार

झारखंड
Spread the love

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से दिवंगत इंस्‍पेकटर रूपा तिर्की की माता श्रीमती पद्मावती  उरांव, पिता देवानंद तिर्की और विधायक बंधु तिर्की के साथ 11 जून को मिले। उन्‍होंने मुख्यमंत्री से कहा कि उन्हें आशंका है कि रूपा तिर्की ने आत्महत्या नहीं की है। उसकी हत्या हुई है। उन्होंने इस मामले में अब तक की जांच से असंतुष्टि जताई। मुख्यमंत्री से  आग्रह किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि न्याय मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रूपा तिर्की उनकी बहन के समान थी। आदिवासी समाज की एक बेहतर महिला पुलिस पदाधिकारी की मौत से मर्माहत हूं। उन्होंने रूपा के माता-पिता को आश्वस्त किया कि उन्हें न्याय मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए एक सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया गया है। झारखंड उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश विनोद कुमार गुप्ता पूरे मामले की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट समर्पित करेंगे। इसमें जिस किसी की भी संलिप्तता होगी या दोषी पाए जाएंगे, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रूपा तिर्की मौत मामले में हर हाल में इंसाफ होगा।

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में उनके अलावा रवि तिग्गा, अमर उरांव, नारायण उरांव, श्रीमती शांति उरांव, श्रीमती मुंडरेशी मुंडा, शिवा  कच्छप, सुमित उरांव भी शामिल थे।