बुर्किना फासो में 100 से अधिक नागरिकों की मौत

दुनिया
Spread the love

ऊगादोगो। उत्तरी बुर्किना फासो के एक गांव में संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा 100 से अधिक नागरिक मारे गए और दर्जनों घायल हो गए हैं। मीडिया रिपोटरें में इसकी जानकारी दी गई है। देश की सरकारी समाचार एजेंसी एआईबी ने कहा कि आतंकवादियों ने याघा प्रांत के सोल्हान गांव में छापेमारी की। इस दौरान यहां के घरों और दुकानों में आग लगा दी गई, कई लोगों की हत्याएं की गईं। सरकारी सूत्रों के हवाले से एआईबी की दी गई जानकारी के हवाले से सिन्हुआ समाचार एजेंसी ने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

इसमें कहा गया है कि देश के रक्षा और सुरक्षा बलों ने हमले के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों को अपने कब्जे में करने के लिए एक तलाशी अभियान की शुरूआत की है। अभी तक किसी भी समूह ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। इस त्रासदी के बाद राष्ट्रपति रोच मार्क क्रिश्चियन काबोरे ने शनिवार से सोमवार तक 72 घंटे के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। काबोरे ने शनिवार को ट्वीट किया, मैं इस बर्बर हमले में मारे गए सौ नागरिकों की याद में उन्हें नमन करता हूं और पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।

हमें बुराई की ताकतों के खिलाफ एकजुट होना चाहिए। इसके अलावा शनिवार को प्रधानमंत्री क्रिस्टोफ जोसेफ मैरी डाबरे ने हमले को अविश्वसनीय बर्बरता करार देते हुए इसकी निंदा की और बुर्किना फासो के सभी लोगों से एकजुट रहने और बहादुरी के साथ अपने देश की की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध होने का आह्वान किया। संयुक्त राष्ट्रसंघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी हत्याओं पर नाराजगी जाहिर की है।