सड़क निर्माण एजेंसी की मुंशी की हत्‍या करने वाला नक्‍सली गिरफ्तार

अपराध झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। सड़क पुल निर्माण कार्य करा रही एजेंसी के मुंशी विक्‍की गुप्ता की हत्या करने वाला भाकपा माओवादी उदय उरांव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह रविन्द्र गंझू दस्ता का सब जोनल कमांडर है। हत्‍या की घटना जिले के पेशरार थाना क्षेत्र के ओनेगढा में घटी थी।

उदय की गिरफ्तारी गुप्‍त सूचना के आधार पर मुरहूकरचा से हुई। पुलिस अधीक्षक प्रियंका मीणा को गुप्‍त सूचना मिली थी कि उदय अपने भाईयों से मिलने मुरहूकरचा आया हुआ है। इसके बाद उन्‍होंने छापामारी दल का गठन किया। दल ने उसे गांव से गिरफ्तार कि‍या।

ज्ञात हो कि कुछ दिनों पूर्व ही पेशरार के सेरेगंदाग घाटी में पुलिस गश्‍ती दल को क्षति पहुंचाने के लिए गोलीबारी की गई थी। इस घटना में तीन पुलिस कर्मी घायल हो गये थे। वही पुलिस ने एक नक्सली हट्टा लातेहार निवासी उपेंद्र उरांव को ढेर कर दिया था। इस मुठभेड़ सहित सड़क पुल निर्माण कार्य में लगे ट्रैक्टर, पोकलेन को जलाकर क्षति पहुंचाने की घटना में उदय उरांव का हाथ था।

गि‍रफ्तारी के बाद पुलिस ने उदय से पूछताछ की। उसने अपने स्वीकारोक्ति बयान में पुलिस को बताया कि ठीकेदार विकास गुप्ता से लेवी मांगी गई थी। लेवी नहीं देने के कारण मुंशी विक्की गुप्ता की हत्या कर दी गई थी।