तैरते जहाजों पर प्रशिक्षण ​पूरा कर, नौसेना को मिले 104 अधिकारी

देश नई दिल्ली मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्ली। आखिरकार ​तैरते जहाजों पर प्रशिक्षण पूरा करके 104 प्रशिक्षु नौसेना के अधिकारी बन गए। 99वां एकीकृत अधिकारी प्रशिक्षु पाठ्यक्रम पूरा होने पर शुक्रवार को जहाजों पर ही प्रशिक्षण स्क्वाड्रन की पासिंग आउट परेड भी हुई। दक्षिणी नौसेना कमान के चीफ ऑफ स्टाफ रियर एडमिरल एंटनी जॉर्ज ने जहाजों पर आयोजित पासिंग आउट के दौरान मेधावी अधिकारी प्रशिक्षुओं को ट्राफियां प्रदान कीं।

भारतीय नौसेना के जहाज तीर, मगर, शार्दुल, सुजाता, तरंगिनी, सुदर्शनी और तटरक्षक जहाज सारथी ​पर ​​​कोच्चि ​में पहली प्रशिक्षण स्क्वाड्रन ​शुरू की है। ​इस ​स्क्वाड्रन का नेतृत्व ​​आईएनएस तीर के कमांडिंग ऑफिसर ​कैप्टन आफताब अहमद खान कर रहे हैं​​।​ तैरते जहाजों पर 24 सप्ताह का समुद्री प्रशिक्षण 28 ​दिसम्बर,​ 2020 को शुरू हुआ। इस दौरान​ ​समुद्री प्रशिक्षुओं के व्यावहारिक प्रशिक्षण पर जोर देने के साथ नाविक, नौवहन, जहाज संचालन और तकनीकी पहलुओं पर​ ​निर्देश दिए गए। यह गहन प्रशिक्षण ​​प्रशिक्षुओं को समुद्र में अपना शारीरिक और मानसिक संतुलन कायम करने में सक्षम बनाने के लिए ​दिया गया है​​। ​युवा अधिकारियों को समुद्री जीवन की कठोरता और जोखिम​ सिखाने के साथ ही ​युद्ध के ​अलावा शांतिकाल में भी कार्य को प्रभावी ढंग से करने के लिए तैयार ​किया गया है​​। 

इन समुद्री प्रशिक्षुओं ने 67 दिन तक लगभग 14​ हजार एनएम समुद्री नौकायन किया​​।​ इस दौरान भारत के पश्चिमी और पूर्वी तटों के साथ-साथ मॉरीशस (पोर्ट लुइस), सेशेल्स (पोर्ट विक्टोरिया), मेडागास्कर (एंट्सिरानाना) और मालदीव (माले) के विदेशी बंदरगाहों का दौरा किया। ​इन्हें ​आईएनएसवी सुदर्शनी पर जहाज चलाने ​का भी प्रशिक्षण दिया गया।​ यह ​प्रशिक्षु​ अधिकारी ‘स्वर्णिम विजय वर्ष’ के हिस्से के रूप में ​​विजय ज्वाला को कोच्चि से लक्षद्वीप और मिनिकॉय द्वीप समूह ले जाने के कार्यक्रम का हिस्सा भी बने।​ नए-नवेले अधिकारी अपना आगे का प्रशिक्षण पश्चिमी और पूर्वी समुद्री बोर्ड पर विभिन्न फ्रंटलाइन भारतीय नौसेना युद्धपोतों ​पर ​जारी रखेंगे।​

सब-लेफ्टिनेंट भारत भूषण सेंगर को सर्वश्रेष्ठ ऑल राउंड सी ट्रेनी चुना गया और उन्हें प्रतिष्ठित चीफ ऑफ नेवल स्टाफ ट्रॉफी और टेलीस्कोप से सम्मानित किया गया। सब-लेफ्टिनेंट निशांत के. विश्वकर्मा को मेरिट सूची में प्रथम स्थान पर रहने के लिए चीफ ऑफ नेवल स्टाफ ट्रॉफी और दूरबीन से सम्मानित किया गया। अपने प्रशिक्षण काल के दौरान पेशेवर विषयों में अधिकतम प्रगति दिखाने के लिए एफओसी-आईएन-सी ईस्ट रोलिंग ट्रॉफी सब लेफ्टिनेंट अयान अली को प्रदान की गई। खेल और पाठ्येतर गतिविधियों के लिए एफओसी-इन-सी साउथ रोलिंग ट्रॉफी, साथ ही पेशेवर विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सब-लेफ्टिनेंट ओजस तोहरा को प्रदान की गई।