रांची। झारखंड में मानसून ने दस्तक दे दी है। उसने 12 जून को उत्तर-पूर्वी झारखंड को कवर किया है। अगले 24 घंटे में झारखंड मानसून से पूरी तरह से कवर हो जाएगा। इसकी वजह से राज्य के विभिन्न जिलों में लगातार चार दिनों तक भारी बारिश होगी। कहीं-कहीं मध्यम दर्जे की गर्जन और वज्रपात होने की भी आशंका है। यह जानकारी रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने शनिवार को दी। मौसम विभाग के संकेत को देखते हुए लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। शनिवार को रांची सहित राज्य के कई इलाकों में लगातार बारिश होती रही।
13 जून
राज्य के पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं वज्रपात होने की भी आशंका है। इसका असर लातेहार, लोहरदगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज आदि जिलों देखने को मिलेगा।
14 जून
राज्य के पश्चिमी, मध्य और उत्तरी भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं वज्रपात होने की आशंका भी है। इसका असर लातेहार, लोहरदगा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ जिलों में कहीं-कहीं देखने को मिलेगा।
15 जून
उत्तरी और दक्षिणी भागों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। मध्य भागों में भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गर्जन के साथ वज्रपात होने की भी आशंका है। इस असर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ आदि जिलों में देखने को मिलेगा।
16 जून
राज्य के पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। हल्के दर्जे की गर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका है। इसका असर लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ आदि जिलों में देखने को मिलेगा।