jharkhand

झारखंड में आज शाम 4 बजे के बाद बाहर निकलना पड़ सकता है महंगा

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। झारखंड के विभिन्‍न जिलों में आज शाम 4 बजे के बाद सड़क पर निकलना मुश्किल हो सकता है। दरअसल, राजधानी रांची समेत झारखंड में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह की अवधि 24 जून तक के लिए बढ़ाई गई है। हालांकि रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन है। इसकी शुरुआत शनिवार शाम 4 बजे से ही हो जाएगी, जो सोमवार को सुबह 6 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान मेडिकल सेवा, मिल्क बूथ, आवश्‍यक सेवाओं को छोड़कर सभी दुकान प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।

आमतौर पर रविवार को छुट्टी होने के कारण काफी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ बाहर घूमने निकल जाते हैं। इससे बाजार, सड़क और पिकनिक स्पॉट पर अनावश्यक भीड़ हो जाती है। इसकी वजह से कोरोना के घट रहे मामलों में तेजी होने की आशंका हो सकती है। इसे रोकने के लिए सरकार ने वीकेंड में संपूर्ण लॉकडाउन लगाया है। पिछले सप्‍ताह भी इसी अवधि में संपूर्ण लॉकडाउन लगाया था।

रांची डीसी छवि रंजन सहित अन्‍य जिलों में प्रशासन ने रविवार को लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए सभी चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया। इस दौरान बिना वैध कारण के बाहर घूमने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई भी करेगी। ट्रेन-प्लेन से सफर करने वालों को अपने साथ टिकट रखना होगा। टिकट दिखाने के बाद ही उन्हें आने-जाने की छूट मिलेगी। टीका लगाने जाने वालों को छूट है।