फेसबुक, इंस्टाग्राम की पाकिस्तान पर स्ट्राइक, 68 अकाउंट, 25 पेज, छह ग्रुप लॉक

दुनिया
Spread the love

नई दिल्ली। दुनिया के सबसे बड़े सोशल नेटवर्क प्लेटफार्म फेसबुक ने पाकिस्तान पर 2019 के बाद दूसरी बार बड़ी स्ट्राइक की है। सोशल साइट फेसबुक ने पाकिस्तान से संचालित कई संदिग्ध अकाउंट्स, पेज और ग्रुप्स को लॉक कर दिया है। इनका संचालन दोबारा असंभव है। फेसबुक ने कहा है कि यह अकाउंट्स वैश्विक स्तर के अलावा अंग्रेजी, अरबी और पश्तो भाषी लोगों को केंद्र में रखकर बनाए गए थे।

फेसबुक ने पाकिस्तान पोषित संदिग्ध 40 फेसबुक अकाउंट्स, 25 पेज, छह ग्रुप और 28 इंस्टाग्राम अकाउंट को हटाया है। फेसबुक ने 24 घंटे पहले गुरुवार को जारी बयान में इसकी पुष्टि की है। इसमें कहा गया है कि अप्रैल 2019 में हटाए गए नेटवर्क के कुछ लिंक के साथ संदिग्ध समन्वित अप्रमाणिक व्यवहार में हमारी आंतरिक जांच के हिस्से में इस गतिविधि को पाया गया। इसका संबंध पाकिस्तान की पीआर कंपनी अल्फाप्रो से जुड़े लोगों से है। सोशल साइट फेसबुक ने कहा है कि मई में समन्वित अप्रमाणिक व्यवहार नेटवर्क पर अपनी ताजा कार्रवाई में दुनिया के कुल 123 संदेहजनक अकाउंट्स , 77 इंस्टाग्राम अकाउंट्स, 55 पेजों और 12 ग्रुप्स को हटा दिया है।

फेसबुक के मुताबिक रूस के लोगों के मार्फत सूडान में चलाए जा रहे स्थानीय नागरिकों के 83 संदिग्ध फेसबुक अकाउंट, 30 पेज, छह ग्रुप और 49 इंस्टाग्राम अकाउंट को हटाया गया है। इस नेटवर्क ने मुख्य रूप से सूडान को निशाना बनाया था। उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2019 में फेसबुक ने पाकिस्तान पर बड़ी अकाउंट स्ट्राइक की थी। फेसबुक ने भारत और भारतीय सेना के खिलाफ दुष्प्रचार करने वाली पाकिस्तान की सेना के 103 से ज्यादा फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट्स को बंद कर दिया था। 

फेसबुक के मुताबिक यह सभी अकाउंट्स एक साथ भारतीय सेना के खिलाफ अप्रामाणिक जानकारी प्रचारित कर रहे थे। इसलिए यह कार्रवाई की गई। फेसबुक ने साफ किया था कि यह अकाउंट्स पाकिस्तान सेना की मीडिया विंग, आईएसपीआर से जुड़े कर्मचारी अपनी पहचान छिपाकर संचालित कर रहे थे।