झारखंड में कोविड वैक्सीन खत्म, केंद्रों में लटके ताले, इस तारीख को स्टॉक आने के बाद लगेंगे टीके

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। चिंतनीय खबर यह है कि झारखंड में मंगलवार को कोविड का टीका पूरी तरह से खत्म हो गया। इस वजह से कई वैक्सीन सेंटरों को दिन में ही बंद कर दिया गया।

कुछ सेंटर पर लोग इस इंतजार में खड़े रहे कि वैक्सीन आएगी, लेकिन उन्हें खाली हाथ ही लौटना पड़ा। अब तो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी हाथ खड़े कर दिये हैं। उनका कहना है कि जब वैक्सीन केंद्र की ओर से उपलब्ध करायी जाएगी, तब ही लोगों को टीका लगाया जायेगा। 02 जुलाई को 6 लाख वैक्सीन आने का शेड्यूल मिला है।

यहां बता दें कि नई पॉलिसी के अनुसार भारत में प्रोडक्शन की जा रही वैक्सीन का 75 फीसद राज्य सरकारों को दिया जाना है, जबकि 25 फीसद प्राइवेट हॉस्पिटल्स के लिए रखे गए हैं। अब राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर 95 फीसद वैक्सीन की डिमांड राज्य के लिए की है।

साथ ही प्राइवेट हॉस्पिटल्स के लिए 5 फीसद ही रिजर्व रखने की मांग की है, क्योंकि प्राइवेट हॉस्पिटल वालों का इंटरेस्ट इसमें काफी कम हो गया है। ऐसे में जब राज्य को टीके ज्यादा मिलेंगे, तो ज्यादा लोगों को लगाया जा सकेगा। बता दें आज शहर के सदर अस्पताल में आये टीका लेने लोग बिना टीका लिये ही लौट गये, तो वहीं थड़पखना के टीकाकरण केंद्रों पर सुबह से ताला लटक रहा।

कई लोग वैक्सीनेशन के लिए पहुंचे, लेकिन यहां कोई नहीं था, जिसके बाद वे मायूस लौट गए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड के राज्य नोडल पदाधिकारी (आइईसी) सिद्धार्थ त्रिपाठी ने बताया कि राज्य सरकार 11 लाख डोज वैक्सीन केंद्र से मांगेगी।

राज्य नोडल पदाधिकारी के अनुसार, पूरे देश में लगभग 32 करोड़ डोज वैक्सीन लग चुकी है। इसके हिसाब से आबादी के अनुसार, झारखंड को 80 लाख डोज वैक्सीन मिलनी चाहिए थी, लेकिन 11 लाख डोज कम मिली।