बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम बनेगा 45+ वैक्सीनेशन सेंटर

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 45 वर्ष से अधिक उम्र के लाभुकों के लिए वैक्सीनेशन सेंटर संचालित किया जाएगा। उपायुक्‍त 3 जून, 2021 को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में की गई तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे।

इस दौरान उप विकास आयुक्त विशाल सागर, अपर समाहर्ता नक्सल रामवृक्ष महतो,  अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची उत्कर्ष गुप्ता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

45 वर्ष से अधिक उम्र के लाभुकों का होगा टीकाकरण

कोविड-19 टीकाकरण अभियान के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताहांत (शुक्रवार, शनिवार एवं रविवार) को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में टीकाकरण का कार्य किया जाएगा। यहां 45 वर्ष से अधिक आयु के लाभुकों को वैक्सीन दिया जाएगा।

वाक इन की रहेगी व्यवस्था, मिलेगा टोकन

बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 45 वर्ष से अधिक आयु के लाभुकों के लिए बनाए गए वैक्सीनेशन सेंटर में वाक इन की व्यवस्था होगी। यहां पर लोग आकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके बाद उन्हें टोकन दिया जाएगा, ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। जिला प्रशासन द्वारा अपील की गई है कि लोग अनावश्यक भीड़ नहीं लगाएं। कोरोना से संबंधित दिशा निर्देशों का पालन करें। टीकाकरण केंद्र पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।