लखीसराय। लखीसराय में एक बार फिर चोरों ने पुलिस को बड़ी चुनौती दी है। शनिवार को ही लखीसराय पुलिस ने एक साथ कई चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए विभिन्न सामानों के साथ 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा था कि एक साथ इतने सारे चोरों की गिरफ्तारी के बाद जिले में चोरी की वारदात पर विराम लगेगी।
लेकिन चोरों ने पुलिस के दावों को धत्ता बताते हुए कुछ ही घंटे बाद चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। शहर के कबैया थाना क्षेत्र के वार्ड -17 में बीती रात चोरों ने बंद पड़े एक घर में जमकर उत्पात मचाया। दरवाजे का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोरों ने घर में रखे गोदरेज का लॉकर तोड़कर नगदी एवं लाखों के आभूषण लेकर फरार हो गए। साथ ही कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने साथ ले गए। इधर चोरी की घटना की सूचना मिलते ही कबैया पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई। बताया जा रहा है कि कबैया थाना क्षेत्र के वार्ड-17 निवासी रंजीत मंडल और संजय मंडल दोनों भाई दिल्ली में रहते हैं।
लखीसराय में घर पर उनकी वृद्धा मां रहती हैं, जो शादी समारोह में गई थीं। रविवार की सुबह जब आसपास के लोगों ने घर का दरवाजा खुला देखा, तो वारदात की जानकारी हुई। पुलिस मोबाइल सर्विलांस के आधार पर चोरों का पता लगाने में जुटी है।