कुलपति ने खाद्यान और बागवानी फसल रिसर्च फार्म के कार्यो का लिया जायजा

झारखंड
Spread the love

रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने गुरूवार को विश्वविद्यालय के विभिन्न रिसर्च फार्म की निरीक्षण किया। फार्म लगी रबी फसलों में गेहू, चना, तीसी व सरसों फसल की कटाई, दौनी एवं भंडारण में प्रगति की जानकारी ली। फार्म में मौजूद कर्मियों को खेतों में नमी की स्थिति को देखते हुए खेतों की तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया, ताकि आगामी खरीफ फसलों के शोध गतिविधियों को रिसर्च फार्म में बिना देरी किये ससमय किया जा सके।

भ्रमण में कुलपति ने पाया कि विवि के विभिन्न रिसर्च फार्म फील्ड में रबी फसलों की कटाई का कार्य पूरा हो चुका है। ससमय फसलों की कटाई पर संतोष जताया। उन्होंने फसलों की दौनी में मौसम का विशेष ख्याल रखने और विभिन्न फसलों के अनाज भंडारण के मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही विवि परिसर में आम के बागो का भी निरीक्षण किया।

कुलपति ने कहा कि कोरोना काल में अनाज के हर एक दाने का विशेष महत्‍व है। वैश्विक महामारी की आपदा की इस स्थिति से लड़ने में मेडिकल साइंस की तरह एग्रीकल्चरल साइंस की महत्ता है। लोगों को स्वास्थ्य बनाये रखने के लिए दवा के साथ-साथ खाद्यान उत्पादन एवं इसकी उपलब्धता बनाये रखने की आवश्यकता है। इसके लिए एग्रीकल्चरल साइंस के शोध कार्यो को अनवरत बनाये रखना होगा।

कुलपति ने रिसर्च फार्म के कार्यो से जुड़े सभी कर्मियों को सामाजिक दूरी, सेनि‍टाइजेशन, डबल मास्क धारण करने एवं स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के आलोक में राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश का अक्षरश: पालन करने का निर्देश दिया। भ्रमण के दौरान कुलपति के सचिव एचएन दास भी मौजूद थे।