छठ घाट के समीप तैर रहा था बच्‍चा, आ गया नदी की तेज धार की चपेट में

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। जिले के गोमिया के ससबेडा पूर्वी में जोबाबेडा छठ घाट के समीप तैरने के क्रम में एक बच्‍चा नदी की तेज धार की चपेट में आकर बह गया। काफी मशक्‍कत के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया है। मुखिया ने प्रशासन से एनडीआरएफ की टीम बुलाकर बच्‍चे को ढूंढने की अपील की है।  

जानकारी के मुताबिक 16 वर्षीय पिंटू यादव उर्फ गुड्डू छठ घाट के समीप तैर रहा था। इस दौरान कोनार नदी का बहाव अधिक होने के कारण वह बहते हुए चला गया। नदी के दूसरे छोर पर नहा रहे गांव वाले ने भी उसे ढूंढने की काफी कोशिश की। हालांकि तेज बहाव के कारण उसका कहीं भी पता नहीं चल पाया।

ग्रामीण अशोक यादव ने बताया कि नदी में बहा बच्‍चा मां-बाप का इकलौता संतान था। उसके पिता की मृत्यु 10 वर्ष पूर्व हो चुकी थी। बच्चा पढ़ने में होनहार है और पिट्स मॉडर्न में पढ़ रहा है।

ग्रामीणों ने इसकी सूचना पूर्व विधायक माधवलाल सिंह और गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो को दी। कोनार डैम के एसी से बात कर गेट बंद कराया। घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पांडे तुरंत मौके पर पहुंचे। गोमिया बीडीओ से बातकर एनडीआरएफ टीम बुलाने के लिए आग्रह किया।

ससबेडा पूर्वी के स्थानीय मुखिया सत्यदेव तिवारी ने भी स्थिति का जायजा लि‍या। प्रशासन से जल्द से जल्द एनडीआरएफ की टीम बुलाकर लापता बच्चे की खोजे जाने की अपील की। विधायक लंबोदर महतो द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर चार लाख मुआवजा दिलाने के बात कहते हुए परिवार को ढांढस बधाया। अपने स्तर से हर संभव मदद करने की बात कही।