एसीबी ने पेशकार को 5000 रुपये घूस लेते किया गिरफ्तार

अपराध झारखंड
Spread the love

दुमका। पेशकार राजीव कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने 5 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। वह झारखंड के दुमका जिले के सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी का पेशकार है। खतियान में नाम दर्ज करने के लिए पैसे की मांग कर रहा था।

दुमका के तालडंगाल गांव निवासी आनंद हांसदा (उम्र-55 वर्ष) ने इस संबंध में ब्यूरो को लिखित आवेदन दि‍या था। इसमें बताया था कि उसने सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, अंतिम प्रकाशन शिविर मसलिया, दलाही में आपति वाद (संख्या 26 2017) के विरूद्ध शिवाधन किस्कू और पान बोल किस्कू का नाम खतियान से विलोपित करने के लिए दर्ज कराया था। न्यायालय प्रभारी पदाधिकारी, संथाल परगना बंंदोबस्त कार्यालय द्वारा उनका नाम खतियान में दर्ज करने का आदेश था। हालांकि पर्चा में शिवाधन किस्कू एवं पानबेल किस्कू का ही नाम आया। इसके विरोध में उन्होंने ने न्यायालय, सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, अंतिम प्रकाशन शिविर, मसलिया, दलाही में आपत्ति दर्ज कराई। वाद की सुनवाई पिछले 3-4 वर्षों से चल रही है।

आवेदक ने बताया कि सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, दुमका के पेशकार राजीव कुमार द्वारा नाम चढ़ाने के लिए 5,000 रुपये घूस मांगा जा रहा है। राजीव कुमार ने कहा कि रिश्वत दोगे तो खतियान में शिवाधन किस्कू व पानबोल किस्कू का नाम विलोपित कर आपका नाम चढ़ा दूंगा। आवेदक घूस नहीं देना चाहते थे।

सत्यापन के दौरान आरोपी पेशकार/निम्न वर्गीय लिपिक द्वारा रिश्वत मांगने की बात सामने आई। आरोपी राजीव कुमार द्वारा 20 मार्च, 2021 को वादी आनंद हांसदा से 5,000 रुपये मांगा गया था। परिवादी के लिखित आवेदन एवं सत्यापनकर्ता के सत्यापन प्रतिवेदन के आधार पर ब्यूरो की दुमका टीम ने पेशकार को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।