तोपचांची में डिवाइडर से टकराते ही कार में लगी आग, इतने लोग जख्मी

झारखंड
Spread the love

धनबाद। बुरी खबर यह है कि धनबाद के तोपचांची थाना क्षेत्र के झील मोड़ स्थित भुतहा पुलिया के समीप एनएच-2 पर सोमवार की दोपहर करीब 3 बजे एक क्रेटा कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी कार जलकर राख हो गई। इस घटना में कार सवार दो लोग बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। इन्हें इलाज के लिए पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। घायलों में एक की स्थिति काफी गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि बोकारो के सेक्टर-5 निवासी जितेंद्र सिंह (35) अपने मामा जयदेव सिंह (55) के साथ अपनी क्रेटा कार JH-R1645 से गिरिडीह से बोकारो वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कार भुतहा पुलिया के समीप डिवाइडर से टकरा गई। घटना में कार चला रहे जितेंद्र सिंह का एक पैर बुरी तरह से टूट कर झूल गया। वहीं उनके मामा आंशिक रूप से घायल हो गए और वो दोनों कार में ही फंस गए।

कार दुर्घटनाग्रस्त होते ही उसमें आग लग गई। गनीमत रही कि दुर्घटना की आवाज सुनकर मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और ग्रामीणों ने दोनों कार सवार घायलों को जान पर खेल कर सकुशल कार से बाहर निकाल लिया। इसके बाद कार में लगी आग कुछ ही क्षणों में धधक उठी और देखते ही देखते पूरी कार जलकर राख हो गई।