सरकारी आदेश को दरकिनार कर मनमाना फीस ले रहे निजी स्कूल, सीएम लें संज्ञान

झारखंड
Spread the love

झारखंड अभिभावक संघ के प्रदेश पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष की बैठक में दिखा आक्रोश

रांची। झारखंड अभिभावक संघ के प्रदेश पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष की वर्चुअल बैठक प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में 21 मई को हुई। इसमें राज्य के कई जिले में स्कूलों द्वारा विभिन्न मदों में ली जाने वाले फीस को लेकर आक्रोश दिखा। इस मुद्दे पर आरपार की लड़ाई लड़ने पर जोर दिया। इस मसले पर 23 मई को आंदोलन की घोषणा करने पर सहमति बनी। बैठक में स्कूल के टीचिंग और नन टीचिंग स्टाफ के संबंध में भी चर्चा हुई।  

चर्चा में सदस्‍यों ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा 25 जून, 2020 को दिए गए आदेश को निजी स्कूल प्रबंधन दरकिनार कर रहे हैं। यह दुखद और गंभीर है। विभाग के आला अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है, जो इन स्कूलों के नोडल पदाधिकारी हैं। समय-समय पर नियम का पालन कराने की जिम्मेवारी उनकी होती है।

राय ने कहा कि देश के कई राज्यों ने प्राइवेट स्कूलों को लेकर आदेश जारी किये है, जिसमें कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए सिर्फ ट्यूशन फीस लेनी है। इसी तर्ज पर झारखंड में भी स्कूलों को सिर्फ ट्यूशन फीस लेने का आदेश जारी किया गया है। हालांकि स्कूलों द्वारा हर तरह की फीस ली जा रही है। अभिभावकों की लाख शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई राज्य सरकार की ओर से नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में कई स्कूल ऐसे हैं, जो सरकार के नियम पर खरे उतरने की स्थिति में नहीं हैं। उनकी जिस बोर्ड से संबद्धता है, उस पर खरे नहीं उतरेंगे। राज्य सरकार को उनकी सम्बद्धता रद्द करने में देर नहीं लगेगी। अधिकारियों की शह के कारण इनका मन बढ़ा हुआ है।

अध्‍यक्ष ने कहा कि कोई भी स्कूल राज्य सरकार से एनओसी लेते समय नो प्रॉफिट-नो लॉस पर स्कूल चलाने की अनुमति लेते हैं। हर साल का आय-व्‍यय की भी जानकारी उन्हें जिले के नोडल अधिकारी को देना होता है। आंदोलनात्मक कार्यक्रम पर चर्चा होने के बाद यह निर्णय लिया गया कि‍ रविवार को फिर एक बैठक की जाएगी। उसी दिन आंदोलन की घोषना की जाएगी।

आज की बैठक में डॉ पुष्‍पा श्रीवास्तव, गौरव शर्मा, दीपक शर्मा, देवानंद राय, कंवलजीत सिंह, अजय कुमार पंकज, तिलका रमन, धीरज आनंद सहित अन्य सदस्य शामिल हुए।