पूर्ण चंद्र ग्रहण 26 मई को लगेगा, जानें भारत में कहां दिखेगा

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्‍ली। 26 मई, 2021 को पूर्ण चंद्र ग्रहण लगेगा। भारत में चंद्रोदय के तत्काल बाद ग्रहण की आंशिक रूप कुछ समय के लिए भारत के कुछ हिस्‍सों में दिखेगा। चंद्रग्रहण दोपहर 3:15 मिनट पर से शुरू होकर 6:23 बजे समाप्‍त होगा।

चंद्र ग्रहण उत्तर पूर्वी हिस्सों (सिक्किम को छोड़कर), पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, ओड़िशा के कुछ तटीय भागों और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह से दिखाई देगा। वह भी पूर्वी आसमान की ओर बहुत करीब जब चंद्रमा निकलने का ही समय हो रहा होगा। देश में कोलकाता शहर में चंद्रमा शाम 6.15 मिनट पर निकलेगा। इस दौरान आंशिक चंद्रग्रहण की कुछ मिनट तक झलक दिखेगी और 6.22 मिनट पर यह समाप्त होगा।

यह ग्रहण दक्षिण अमरीका, उत्तर अमरीका, एशिया, ऑस्ट्रेलिया, अंटार्टिका, प्रशांत महासागर और हिंद महासागर के क्षेत्रों में दिखाई देगा।

अगला चंद्र ग्रहण 19 नवंबर, 2021 को होगा। यह भारत में दिखेगा। यह एक आंशिक चंद्र ग्रहण होगा, जिसकी आंशिक प्रावस्था का अंत चंद्रोदय के तत्काल उपरांत अल्प अवधि के लिए अरुणांचल प्रदेश और असम के सुदूर उत्तर पूर्वी हिस्सों से दिखेगा।

चंद्र ग्रहण पूर्णिमा को घटित होता है, जब पृथ्वी सूर्य एवं चंद्रमा के बीच आ जाती है। ये तीनों एक सीधी रेखा में स्थित रहते हैं। पूर्ण चंद्र ग्रहण तब घटित होता है, जब पूरा चंद्रमा पृथ्वी की प्रच्छाया से आवृत हो जाता है। आंशिक चंद्र ग्रहण तब घटित होता है, जब चंद्रमा का एक हिस्सा ही पृथ्वी की प्रच्छाया से ढक पाता है।