रांची। चक्रवाती तूफान ‘यास’ का झारखंड पर भी असर होगा। इसकी वजह से चार दिन राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश होगी। दो दिन भारी बारिश होने की संभावना है। यह जानकारी रांची के एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र ने 22 मई को दी है।
केंद्र के मुताबिक आज (22 मई, 2021) की सुबह (08.30 बजे IST) बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके 23 मई की सुबह तक पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक डिप्रेशन में बदल जाने की संभावना है। इसके उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की बहुत अधिक संभावना है। 24 मई तक चक्रवाती तूफान में बदल जाने की उम्मीद है। फिर 24 घंटों के दौरान एक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाने की प्रबल संभावना है।
केंद्र के मुताबिक इस दौरान तूफान का उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ना जारी रहेगा। साथ ही और तीव्र होता जाएगा। 26 मई की सुबह के आसपास पश्चिम बंगाल के निकट बंगाल की उत्तरी खाड़ी और आसपास के उत्तरी ओडिशा और बांग्लादेश के तटों तक पहुंच जाएगा। इसके 26 मई की शाम के आसपास पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तरी ओडिशा और बांग्लादेश के तटों को पार करने की संभावना है।
चक्रवती तूफान की वजह से झारखंड में चार दिनों तक बारिश होने की उम्मीद है। 25 और 26 मई को कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर की गति से हवा चलेगी। कई जगहों पर बिजली गिरने की आशंका भी है।
मौसम केंद्र के मुताबिक 25 मई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज आदि जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की उम्मीद है।
इसी तरह 26 मई को देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां आदि जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम केंद्र के मुताबिक 27 मई को राज्य के लगभग सभी स्थानों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसी तरह 28 मई को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह आदि जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।