रांची। कांड्रा-रांची के बीच रेल मार्ग बनने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए पैसा मंजूर हो गया है। एनएच-33 के किनारे रेल लाइन बिछेगी। यह जानकारी DRUCC सदस्य और छोटानागपुर पैसेंजर एसोसिएशन के रीजनल सेक्रेटरी महेंद्र कुमार जैन ने दी।
कांड्रा से नामकुम (रांची-टाटा) रेल लाइन परियोजना को पूरा करने के लिए दक्षिण-पूर्व रेलवे की ओर से रेल मंत्रालय को भेजी गई अनुमानित बजट की स्वीकृत हो गई है। कांड्रा-नामकुम रेल मार्ग के बीच की दूरी लगभग 106 किलोमीटर होगी।
जैन ने बताया कि रेलवे लाइन बिछाने में करीब 2 हजार 850 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। राशि स्वीकृत होने के बाद इस रेल लाइन को बिछाने के लिए टेंडर निकाला जाएगा। इसके बाद रेल लाइन बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
कांड्रा नामकुम (रांची-टाटा) रेल लाइन की बीच छह स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें पलगम, रडगांव, तमाड़, बुंडू और उलिडीह शामिल हैं। प्रस्तावित स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज भी बनाए जाएंगे। तमाड़ सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन होगा।
इस रेल लाइन का काम जल्द शुरू होने वाला है। शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया कराई जाएगी। इसके बनने से सैकड़ों ऐसे गांव लाभान्वित होंगे, जो अब तक रेल सुविधा से वंचित हैं। तमाड, बुंडू के लोगों को ट्रेन यात्रा का सपना जल्द पूरा होगा।