रांची। भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश के नेतृत्व में दरोगा स्व रूपा तिर्की के परिजनों से उनके रातू स्थित घर जाकर सांत्वना दिया। परिजनों ने भाजपा नेताओं को बताया कि रूपा ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उनकी निर्मम हत्या की गई है। परिजनों ने बताया कि हमलोगों के आवेदन पर पुलिस तनिक भी विचार नहीं कर रही है। हमलोगों ने रूपा की हत्या को लेकर आवेदन दिया था, जिसमें पंकज मिश्रा को नामजद बनाया है। हालांकि वहां की पुलिस यूडी केस दर्ज कर आत्महत्या का नाम दे दी। आज तक पंकज मिश्रा को पूछताछ के लिए पुलिस नहीं बुलाई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने सांत्वना देते हुए कहा रूपा सिर्फ एक परिवार की बेटी नही, पूरे समाज एवं राज्य की बेटी थी। रूपा को न्याय दिलाने तक पूरा भाजपा परिवार रूपा के परिजनों के साथ हमेशा खड़ा है। प्रकाश ने कहा कि इस घटना के संदर्भ में बात करने पर पुलिस-प्रशासन द्वारा अनदेखा किया जा रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि इस मामले की लीपा-पोती करने की कोशिश की जा रही है। जनप्रतिनिधियों के इस अवमानना के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार एक बड़े व्यक्ति को बचाने के लिए इस घटना को ठंडे बस्ते में डालने में लग गयी है। भाजपा का प्रण है कि रूपा की हत्या में जो भी दोषी है, उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलवा के रहेगी। भाजपा परिवार सीबीआई जांच की मांग को लेकर पूरे प्रदेश में कोविड प्रोटोकॉल के तहत आंदोलन कर रही है।
प्रकाश ने कहा कि कल तक भाजपा के सभी विधायक एवं सांसद को राज्यपाल को मेल करके सीबीआई जांच करने की मांग करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, प्रदीप वर्मा, अशोक बड़ाईक, आरती कुजूर, सुरेंद्र महतो, मंजुलता दुबे, अजय तिवारी, राजेश सिंह सहित अन्य शामिल थे।