पुलिस की पिटाई से युवक की मौत, डीएसपी ने दिया जांच का आदेश

अपराध झारखंड
Spread the love

हजारीबाग। हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के करमा गांव निवासी छकन भुइयां की कथित रूप से पुलिस की पिटाई से मौत हो गयी। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव के साथ घंटों सड़क जाम रखा। बरही डीएसपी नाजिर अख्तर ने मामले पर निष्पक्ष जांच का आदेश देते हुए न्याय दिलाने की बात कही, तब जाकर जाम हटाया गया। परिजनों का कहना है कि गुरुवार को छकन अपने दो पहिया वाहन में पेट्रोल भराकर घर लौट रहा था।

तभी चौपारण पुलिस क पेट्रोलिंग वाहन से गश्ती लगा रहे पुलिस जवानों ने उसे रोककर घर से बाहर निकलने का कारण पूछा। इसी बीच वाहन में सवार एक जवान अचानक गाड़ी से उतरकर युवक पर डंडा बरसाने लगा, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, पर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। बरही डीएसपी नाजिर अख्तर ने मामले को संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम गठित कर जांच का आदेश दिया है। इधर परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए पुलिस पदाधिकारी को अविलब बर्खास्त करने की मांग की है।