पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, एसआई की मौत, इतने जवान जख्मी

झारखंड
Spread the love

पलामू। झारखंड के पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की अहले सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक से बचने के क्रम में पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस घटना में पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) सुनील कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 जवान जख्मी हो गये।

इनमें से दो की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। एक को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है। पुलिस गाड़ी लेस्लीगंज थाना की थी और रात्रि में सड़क किनारे से पेट्रोलिंग करते हुए आगे बढ़ रही थी। इसी बीच घटना घटी।

बता दें कि नीलांबर-पीतांबरपुर थाना की पुलिस रात्रि पेट्रोलिंग कर रही थी वाहन में 4-1 की पार्टी थी। डाल्टनगंज- पांकी मुख्य मार्ग पर बैरिया में जैसे ही पुलिस गश्ती वाहन पहुंचा कि सामने एक ट्रक खड़ा दिखा। ट्रक कई दिनों से खराब होकर खड़ा था। घायल जवान विनोद मुंडा ने बताया कि खड़े ट्रक से आगे निकलने पर सामने से एक तेज रफ्तार ट्रक आते दिखा। उससे बचने के लिए चालक ने जैसे ही वाहन को घुमाया, तभी अचानक अनियंत्रित होकर गाड़ी पलट गई और सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।

घटना में मौके पर ही पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार यादव की मौत हो गई, जबकि 4 जवान जख्मी हो गए। पुलिस जवान विनोद मुंडा,अभिषेक कुमार सिंह, चंदन कुमार व ड्राइवर वीरेंद्र यादव ज़ख्मी हो गए। गम्भीर रूप से जख्मी जवान चंदन को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स भेज दिया गया।

सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार यादव कोडरमा ज़िला के रूपायडीह गांव के रहने वाले थे। वर्ष 2018 में झारखंड पुलिस सेवा में बहाल हुए थे। 23 मई को उनकी शादी होनी वाली थी।