कोनार नदी के किनारे जल्‍द बनेगा नया इंटकवेल और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। पानी की समस्या के निराकरण को लेकर गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो ने गोमिया स्थित बोकारो नदी के इंटक वेल, खम्हरा स्थित कोनार नदी के इंटरवेल, गोमिया बस्ती के जलमीनार आदि का शुक्रवार को निरीक्षण किया। क्षेत्र में निर्बाध पानी सप्लाई के लिए विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। कार्यपालक अभियंता (मेकेनिकल) मयंक भगत और तेनुघाट के कार्यपालक अभियंता रामप्रवेश राम से दूरभाष पर बात कर गोमिया और पलिहारी गुरुडीह में पानी की समस्या को अविलंब दूर करने को कहा।

विधायक ने कहा कि गोमिया और पलिहारी गुरुडीह पंचायत में पानी की समस्या का स्थायी निराकरण किया जाएगा। इसके लिए कोनार नदी से गोमिया एवं पलिहारी गुरुडीह पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइन द्वारा स्वक्छ पानी सप्लाई किया जाएगा। कोनार नदी के किनारे नया इंटकवेल और नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। नया पाइपलाइन भी बिछाया जाएगा। कोनार नदी तट पर बना इंटकवेल और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट काफी पुराना है और जर्जर हालत में है। पाइपलाइन की स्थिति भी इसी प्रकार है। इसलिए पानी की समस्या का स्थायी निराकरण किया जाएगा।

विधायक ने बताया कि इसके लिए मुख्यमंत्री, राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री, पेयजल सचिव सहित सभी संबधित पदाधिकारियों को अनुसंशा पत्र भेज दिया गया है। इस बारे में मुख्यमंत्री और पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री से बात भी हुई है। इस बारे में संबंधित अभियंता को डीपीआर बनाने का निर्देश भी दिया गया है। तकनीकी और प्रशासनिक स्वीकृति के लिए सकारात्मक प्रयास किये जाएंगे।